नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा, जरूरतमंदों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना हमारी प्राथमिकता
सोनभद्र। नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। आम जन को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए जरूरी है कि तय समय में उनकी समस्याएं हल की जाएं। जन शिकायतों की सुनवाई करते हुए रूबी प्रसाद ने कहा कि जरूरतमंदों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना पालिका प्रशासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर हीलाहवाली कतई स्वीकार नहीं की जाएगी।
शासन की मंशा के अनुरूप जनशिकायतों की सुनवाई और उनके त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से प्रत्येक सोमवार को नगरीय निकायों में आयोजित किए जा रहे समाधान दिवस ष्सम्भवष् के तहत सोमवार को नगर पालिका परिषद सोनभद्र में जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जनसुनवाई के दौरान जनपद के विभिन्न नगरीय निकायों से कुल 22 शिकायतें प्राप्त हुईं।
इनमें नगर पालिका परिषद सोनभद्र से तीन, नगर पंचायत घोरावल से एक, चुर्क.घुर्मा से तीन, चोपन से चार, ओबरा से चार, रेनुकूट से एक, पिपरी से दो, दुद्धी से दो के अलावा डाला बाजार और अनपरा से एक-एक शिकायत शामिल रही। इनमें प्रमुख रूप से साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति एवं मार्ग प्रकाश से संबंधित समस्याएं सामने आईं। नगर पालिका परिषद सोनभद्र की अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों की नियमित समीक्षा करने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
