राष्ट्रीय महिला आयोग के 34वें स्थापना दिवस पर नई दिल्ली में किय गया सम्मानित
नई दिल्ली। राष्ट्रीय महिला आयोग के 34वें स्थापना दिवस पर आयोजित भव्य समारोह में सोनभद्र जनपद के दुद्धी कस्बे की राजनंदिनी को राष्ट्रीय सम्मान से नवाजा गया। यह सम्मान उन्हें शक्ति फेलोशिप के रूप में प्रदान किया गया। केंद्रीय स्वास्थ्य. परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी, राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर एवं राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया राहटकर ने संयुक्तरूप से राजनंदिनी को इस सम्मान से नवाजा। राजनंदिनी दुद्धी निवासी डॉ विनय कुमार एवं ज्योत्सना देवी की सुपुत्री हैं।
शक्ति फेलोशिप के लिए देशभर से विभिन्न क्षेत्रों में शोध कार्य कर रही सिर्फ 20 बालिकाओं का चयन किया गया था। इनमें दो प्रतिभागियों को राष्ट्रीय मंच पर सम्मानित किए जाने का अवसर मिला। राजनंदिनी को यह सम्मान मिलना सोनभद्र सहित पूरे उत्तर प्रदेश के लिए गौरव की बात है। राजनंदिनी की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे जनपद में खुशी की लहर दौड़ गई है।
यह सम्मान क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बनकर सामने आया है। बता दें कि हाल ही में राजनंदिनी द्वारा लिखित पुस्तक वनबंधु नरेंद्र मोदीका लोकार्पण भी नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों की उपस्थिति में हुआ था, जो उनकी बौद्धिक क्षमता और लेखन प्रतिभा को दर्शाता है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों एवं समाजसेवियों ने राजनंदिनी को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान आने वाली पीढ़ियों की बालिकाओं को शिक्षाए शोध और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।
