Sunday, March 1, 2026
HomeNewsविधायक और डीएम की अपील, सड़कों पर सुरक्षित चलें

विधायक और डीएम की अपील, सड़कों पर सुरक्षित चलें

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के समापन पर आम जन को किया गया जागरूक

सोनभद्र। सड़कों पर सुरक्षित चलने की अपील और जनजागरूकता के साथ राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का समापन हुआ। विधायक भूपेश चौबे के साथ जिलाधिकारी बीएन सिंह ने इस मौके पर विशेष तौर से अपील की कि सड़क पर चलने के दौरान अत्यधिक सुरक्षा बरती जाए। किसी भी तरह सड़क नियमों का उल्लंघन न होने पाए, इसका ध्यान रखें। सड़क नियमों के पालन के जरिए आप खुद भी सुरक्षित रह सकते हैं और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित कर सकते हैं।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित समापन कार्यक्रम में सदर विधायक भूपेश चौबे एवं जिलाधिकारी बीएन सिंह बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए।

इस मौके पर युवाओं, आमजनों के अलावा वाहन चालकों को भी विशेष रूप से जागरूक किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। तत्पश्चात स्कूली बच्चों ने ने सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। नाटकों एवं लघु नाटिकाओं के माध्यम से बच्चों ने सड़क दुर्घटनाओं के कारणों तथा उनसे बचाव के उपायों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। बच्चों की प्रस्तुतियों की हर किसी ने सराहना की।

सदर विधायक भूपेश चौबे ने सड़क दुर्घटनाओं में हो रही मौतों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को यह संकल्प लेना चाहिए कि वह स्वयं यातायात नियमों का पालन करेगा और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहा हो, तो उसे समझाना हम सभी की जिम्मेदारी है। जिलाधिकारी बीएन सिंह ने इस मौके पर सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी बाध्यता नहीं। यह जीवन की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है। जिलाधिकारी ने बच्चों से अपील की कि वे अपने घरों में सुरक्षा दूत बनें और अपने परिजनों को बिना हेलमेट एवं सीट बेल्ट के वाहन चलाने से रोकें।

आरटीओ मिर्जापुर उदय बीर सिंह ने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय मानक हेलमेट तथा चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य है। नियमों का पालन पुलिस के डर से नहींए बल्कि अपनी जान की सुरक्षा के लिए किया जाना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में परिवहन विभाग एवं पुलिस प्रशासन द्वारा सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न जानकारियां दी गईं।

साथ ही यह संकल्प लिया गया कि सड़क सुरक्षा अभियान को केवल एक माह तक सीमित न रखकर पूरे वर्ष जन.आंदोलन के रूप में चलाया जाएगा। ब्लॉक प्रमुख लीला देवी गौड़, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष पुष्पा सिंह, पूर्व ब्लॉक प्रमुख पंकज पटेलए, आरटीओ कौशल सिंह, राजेश्वर यादव,क्षेत्राधिकारी यातायात डॉ चारु द्विवेदी, बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडे, पीटीओ मनोज गुप्ता सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं शिक्षक उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

полина гагрина on Hello world!