ग्लेनहिल स्कूल के वार्षिक खेल दिवस पर प्रतिभावानों ने दिखाया दम
सोनभद्र। उत्साह और उमंग के बीच जोश और जज्बे का संगम नजर आया। अवसर था, रॉबर्ट्सगंज नगर के कम्हारी स्थित ग्लेनहिल स्कूल में वार्षिक खेल दिवस का। प्रतिभावानों ने हर स्पर्धा में रंग जमाया और अपना दमखम दिखाया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को खेल भावना, अनुशासन एवं शारीरिक दक्षता के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक भूपेश चौबे ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की और कहा कि आज की मेहनत भविष्य के लिए मजबूत आधार तैयार करती है। इसलिए जो भी कार्य करें, पूरे मनोयोग से करें। शिक्षा-दीक्षा के साथ खेलकूद भी जीवन का अहम हिस्सा है।
जीवन में अनुशासन की सबसे बड़ी भूमिका होती है। चाहे वह विद्याध्ययन हो या शारीरिक दक्षता। जीवन के सर्वांगीण विकास में अनुशासन का विशेष महत्व है। पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ धर्मवीर तिवारी ने कहा कि हमेशा सकारात्मक रहें। उत्साह जीवन में हमेशा बना रहना चाहिए। अपना लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ें। निश्चित रूप से सफलता हासिल होगी।
विद्यालय के निदेशक शहनवाज़ अहमद, प्रधानाचार्य मोनिका तिवारी, निदेशिका फरहाद फातिमा, उपप्रधानाचार्य नेहा तथा प्रशासनिक अधिकारी अंकुर तिवारी के अलावा शिक्षक और अभिभावक मौजूद थे। खेल दिवस के दौरान विद्यार्थियों के लिए भाला फेंक, गोला फेंक, चक्र फेंक, वॉलीबॉल, कबड्डी, दौड़, लंबी कूद, ऊँची कूद, संतुलन खेल सहित अनेक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। संचालन रजनी अग्रहरि, जितेंद्र एवं शिवम ने किया। पदक प्राप्त करने वालों विवेक, अन्वी, संस्कार, आयुष, प्रती सहित अन्य बच्चे शामिल थे।
