पत्रकार प्रेस क्लब भदोही के आईकार्ड वितरण सम्मान समारोह में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, मौजूदा दौर में पत्रकारों के सामने चुनौतियों का अंबार
भदोही। पत्रकार प्रेस क्लब के प्रदेश अध्यक्ष एवं परफेक्ट मिशन दैनिक समाचार पत्र के कार्यकारी संपादक घनश्याम पाठक ने कहा कि पत्रकारिता सच और साहस का दूसरा नाम है। मौजूदा दौर में पत्रकारों के समक्ष चुनौतियों का अंबार है। ये चुनौतियां कई तरह की हैं। समाचार संकलन से समाचार प्रकाशन तक कदम-कदम पर मुश्किलें हैं। ऐसी स्थिति में पत्रकारों को अपना हौसला बनाए रखना होगा। संगठित रहें और सतर्क रहें। सच को सामने लाना ही पत्रकारिता का पहला और अंतिम मकसद होना चाहिए।
ज्ञानपुर स्थित जिला पंचायत के सभागार में पत्रकार प्रेस क्लब भदोही की ओर से आयोजित आईकार्ड वितरण सम्मान समारोह में बतौर मुख्यअतिथि घनश्याम पाठक ने कहा कि देश प्रदेश के कोने-कोने में कलमकारों का दर्द गहराता जा रहा है। लोकतंत्र का प्रहरी कहे जाने वाले पत्रकार आज सबसे असुरक्षित और उपेक्षित हैं। जिनकी कलम से भ्रष्टाचार का पर्दाफाश होता है। जिनकी आवाज से जनता को न्याय मिलता है। वही पत्रकार आज अपनों के बीच अकेला और असहाय महसूस कर रहा है। पत्रकारों की सबसे बड़ी पीड़ा यह है कि जब वे सच्चाई को सामने लाते हैंए तो उन पर झूठे मुकदमे लाद दिए जाते हैं। कोई घोटाला उजागर किया तो पुलिस और प्रशासन की सह पर घोर प्रताड़नाएं शुरू कर दी जाती हैं।
कहा कि गलत को गलत और सही को सही कहने का साहस ही सच्ची पत्रकारिता है। आज़ादी की लड़ाई से लेकर समाज सुधार तक पत्रकारों ने राष्ट्र निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई है। आज के समय में पत्रकारिता की जिम्मेदारी और भी अधिक बढ़ गई है। पत्रकार प्रेस क्लब अन्यायऔर भ्रष्टाचार के खिलाफ डटकर खड़ा है। सच को सामने लाना और समाज की आवाज़ बनना ही इसकी पहचान है। अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार राजेश मिश्रा ने की।
प्रदेश मीडिया प्रभारी दीपक मिश्रा, प्रदेश सांस्कृतिक मंत्री अनीश मिश्रा, मंडल अध्यक्ष विंध्याचल राहुल सिंह, मंडल महासचिव राजेश मिश्रा, मंडल उपाध्यक्ष सुरेश कुमार मिश्रा, जिलाध्यक्ष दिलीप दुबे, जिला महासचिव विष्णु दुबे, जिला उपाध्यक्ष राजकुमार सरोज, जिला संयोजक आशीष सोनी, जिला संगठन मंत्री उमेश दुबे, जिला सचिव विकास मिश्रा, तहसील अध्यक्ष औराई आनंद तिवारी, तहसील अध्यक्ष भदोही पंकज बिंद, उमेश पाण्डेय, सुभाष सिंह, अरुण मिश्रा, मेराज, राजकुमार गौतम, कमलेश, विजय प्रताप सिंह, विकास पाण्डेय, राधेकृष्ण तिवारी, रोशनी मल्होत्रा, अरूण मिश्रा, मनोज वर्मा आदि उपस्थित रहे।
