Monday, February 23, 2026
HomeNewsयूजीसी बिल के विरोधों के बीच कांग्रेस का भाजपा सरकार पर हमला

यूजीसी बिल के विरोधों के बीच कांग्रेस का भाजपा सरकार पर हमला

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा, लोकतंत्र और संविधान को कमजोर करने की कोशिश हो रही है, राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पांडेय ने कहा, सरकार केवल झूठा ढिंढोरा पीट रही है

सोनभद्र। यूजीसी बिल के विरोधों के बीच गुरुवार को यहां कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पांडेय के साथ यहां जनसभा में आए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि मोदी सरकार लोकतंत्र और संविधान को कमजोर करने की कोशिश कर रही है। यूजीसी बिल, एसआईआर से लेकर प्रयागराज शंकराचार्य प्रकरण तक एक-एक कर सबका जिक्र करते हुए उन्होंने सीधे तौर पर मोदी सरकार को निशाने पर लिया। साथ ही, सोनभद्र के विकास के लिए कोई ठोस पहल सरकार की तरफ से न होने का आरोप भी मढ़ा।

रामगढ़ स्थित मंडी समिति मैदान में गुरुवार को आयोजित कांग्रेस के संविधान संवाद एवं जनसभा कार्यक्रम में राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पांडेय ने कहा कि भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने सोनभद्र को “स्विट्जरलैंड” का दर्जा दिया था, लेकिन उत्तर प्रदेश में लंबे समय से कांग्रेस की सरकार न होने के कारण यहां के आदिवासियों और स्थानीय लोगों के लिए कोई ठोस योजना नहीं चलाई गई। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल झूठा ढिंढोरा पीट रही है। अविनाश पांडेय ने कहा कि जल, जंगल और जमीन पर अधिकार रखने वाले आदिवासियों से उनके संवैधानिक अधिकार छीने जा रहे हैं, विस्थापितों को अब तक मुआवजा नहीं मिला और जंगलों में बुलडोजर चलाए जा रहे हैं।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस की सरकार बनने पर आदिवासियों को उनके कानूनसम्मत अधिकार अवश्य दिलाए जाएंगे। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि आज देश और प्रदेश में लोकतंत्र व संविधान पर सीधा हमला हो रहा है। उन्होंने UGC, SIR, प्रयागराज शंकराचार्य प्रकरण, वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर निर्माण कार्य, कानून व्यवस्था और सोनभद्र के खनन हादसों को लेकर सरकार को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि SIR के जरिए मताधिकार को कमजोर करने की साजिश की जा रही है, जो लोकतंत्र की हत्या के समान है।

बिल्ली मारकुंडी खनन हादसे का जिक्र करते हुए अजय राय ने कहा कि इतने बड़े हादसे के बाद भी कोई ठोस गिरफ्तारी न होना साबित करता है कि सरकार खनन माफियाओं को संरक्षण दे रही है। अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रामराज सिंह गोंड ने की। स्वागत भाषण शहर अध्यक्ष हाजी फरीद अहमद ने दिया तथा संचालन पूर्व अध्यक्ष रमेश देव पांडे ने किया।

इस अवसर पर इंजीनियर जितेंद्र पासवान, राजीव गौतम, अरविंद सिंह पटेल, संजय प्रियदर्शी, कमलेश ओझा, राजीव त्रिपाठी, शशांक मिश्रा, उषा चौबे, अंशु मद्धेशिया, ईश्वरी नारायण सिंह, बृजेश तिवारी, विनोद तिवारी, राजबली पांडे, दयाशंकर पांडे, अमरेश देव पांडे, सुनील मिश्रा, रामविलास पनिका, अवनीश राजपूत, इनामुल हक अंसारी, शरद पनिका, बाबूलाल पनिका, लल्लू राम पांडे, मदन गुप्ता, आशुतोष दुबे, राघवेंद्र नारायण तिवारी, आरटीआई जिलाध्यक्ष श्रीकांत मिश्रा, कन्हैया पांडे, हाजी नूरुद्दीन खान, संगीता श्रीवास्तव, बेबी सिंह, रेखा सिंह, प्रदीप चौबे, शंकर लाल भारती, आशीष सिंह, मनोनीत रवि, अवधेश सिंह, राकेश मिश्रा मौजूद रहे।

कांग्रेस नेताओं ने बताया कि उत्तर प्रदेश में संविधान संवाद अभियान का यह दूसरा कार्यक्रम है। इससे पहले सीतापुर में आयोजन हो चुका है और आने वाले समय में प्रदेश के प्रत्येक जिले में यह अभियान चलाकर जनता को संविधान और लोकतंत्र के प्रति जागरूक किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

полина гагрина on Hello world!