14500 खिलाड़ी विभिन्न स्पर्धाओं में हुए शामिल, खेल मंत्री ने की आयोजन की सराहना
सोनभद्र। जिले में विधायक खेल महाकुंभ ने यहां के खेल जगत में नया उत्साह भर दिया है। साढ़े चौदह हजार खिलाड़ी विभिन्न स्पर्धाओं में शामिल हुए और अपनी प्रतिभा की चमक बिखेरी। सदर विधायक भूपेश चौबे के प्रयासों से हुए इस महाकुंभ के तहत क्रिकेट, कबड्डी सहित विभिन्न स्पर्धाएं हुईं और इनमें शामिल होने का मौका मिला, गांवों-कस्बों के उन होनहारों को जिन्हें अपना हुनर दिखाने के लिए मंच की तलाश थी।
खेल महाकुंभ 2026 के समापन समारोह में बतौर मुख्यअतिथि शामिल हुए प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने इन प्रयासों की भरपूर सराहना की। खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि विधायक खेल महाकुंभ के जरिए ग्रामीण अंचल की छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का प्रयास सराहनीय है।
ऐसे आयोजनों से गांव के बच्चे और युवा राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। मंत्री ने कहा कि श्खेलोगेदृकूदोगे तो रोजगार मिलेगा।श् खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश की 25 हजार ग्राम पंचायतों में खेल मैदान विकसित किए जा चुके हैं। साथ ही मनरेगा और खेलो इंडिया योजना के माध्यम से खेल अधोसंरचना को और मजबूत किया जा रहा है।
खेल मैदानों पर कब्जे से जुड़े सवाल पर मंत्री ने स्पष्ट कहा कि खेल मैदानों को किसी भी कीमत पर कब्जा नहीं होने दिया जाएगा और सरकार खिलाड़ियों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। वहीं यूजीसी से जुड़े प्रश्न पर मंत्री ने सुप्रीम कोर्ट का हवाला देते हुए टिप्पणी करने से बचते नजर आए।
विधायक खेल महाकुंभ के दौरान खो.खो, कबड्डी, वॉलीबाल, क्रिकेट, दौड़, रस्साकशी, गुल्ली.डंडा, टेनिस बॉल, चेस, कैरम सहित कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। जिनमें करीब 14,500 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। समापन समारोह में जिलाधिकारी बीएन सिंह, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद, पूर्व एमएलसी केदारनाथ, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश मिश्रा, जिला महामंत्री कृष्णमुरारी गुप्ता, मनोज सोनकर, अनुप तिवारी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
